September 14, 2026
rights-of-an-arrested-person-in-india

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से शनिवार को समीक्षा बैठक में बढ़ते अपराधों पर नाराजगी जताने और पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाए जाने के बाद रविवार को लखनऊ पुलिस जागी है।

 

कृष्णानगर और विकासनगर इलाके में हुई मुठभेड़ों में तीन बदमाशों गिरफ्तार किया गया। इनमें कृष्णानगर में पकड़े गए दो लुटेरों की निशानदेही पर पांच अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया।

 

इस तरह कुल सात शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। उधर, विकासनगर में छात्रा से छेड़छाड़ और आटो से धक्का देने वाले चालक को भी मुठभेड़ में दबोचा।

 

कृष्णानगर पुलिस और सर्विलांस टीम (दक्षिणी) ने रविवार तड़के आसाराम बापू आश्रम रोड के पास चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय लूट और छिनैती गिरोह का पर्दाफाश किया। अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) दक्षिणी आर वसंत कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।

 

जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिल्ली के अंबेडकर नगर निवासी रोहन उर्फ गुड्डू और साहिल के रूप में हुई। दोनों हाल ही में पारा निवासी सेल्समैन रामबाबू से सिगरेट से भरा बैग लूटने और एक महिला से चेन छीनने की घटनाओं में शामिल थे।

पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, लूटी गई सिगरेट का बैग और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि रोहन गिरोह का सरगना है और उसके साथी भी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

 

एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ में बताया कि सुनसान क्षेत्रों की रेकी कर वारदात को अंजाम देता था। पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट पर सफेद स्प्रे कर देते थे और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करते थे। वारदात के बाद बाइक छोड़कर कार से फरार हो जाते थे।

 

गिरोह ने आशियाना, पीजीआई, सुशांत गोल्फ सिटी और कृष्णानगर समेत कई क्षेत्रों में लूट और छिनैती की घटनाएं स्वीकार की हैं। इनको पकड़ने के लिए करीब 200 सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने पड़े। आरोपितों के खिलाफ विभिन्न जिलों और कमिश्नरेटों में 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। अब इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

 

विकास नगर पुलिस ने छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपित आटो चालक को टेढ़ी पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि छात्रा के पिता ने विकासनगर थाने में शनिवार को छेड़छाड़ और जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कराया था।

 

बताया कि आटो चालक ने बेटी के साथ छेड़छाड़ की विरोध पर पिटाई कर जान से मारने का प्रयास किया, जिसके बाद आटो से धक्का देदिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने इस आधार पर आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया गया।

 

रविवार तड़के टेढ़ी पुलिया के पास आटो चालक पहुंचा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। भागने के इरादे से उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

 

गोली विकास नगर थाने की सरकारी गाड़ी में लगी। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दायें पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान सनी यादव के रूप में हुई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर अन्य जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *