
संवाददाता रोहित मिश्रा पीलीभीत/बीसलपुर: सड़क सुरक्षा को लेकर बीसलपुर ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। नगर के प्रमुख चौराहों पर यातायात सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्कूल बसों, वैन एवं अन्य स्कूल वाहनों की गहन जांच कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उनमें निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन हो।
चेकिंग के दौरान स्कूल वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही नगर के मुख्य चौराहों पर दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध हेलमेट चेकिंग अभियान भी चलाया गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा आवश्यकतानुसार चालान की कार्रवाई भी की गई। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से सीट बेल्ट, हेलमेट और अन्य यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
यातायात सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आमजन में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी नगर के विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान जारी रहेगा। साथ ही सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।






