July 12, 2026
WhatsApp Image 2026-07-11 at 6.02.01 PM

पीलीभीत/बीसलपुर। थाना बीसलपुर पुलिस ने घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोपी को घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे और खोखा कारतूस सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई की शाम करीब छह बजे कस्बा बीसलपुर के मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी श्रीराम कश्यप ने थाना बीसलपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पड़ोसी आकाश पुत्र नेवाराम ने पहले उनके घर पर ईंट-मिट्टी फेंकी। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।

तहरीर के आधार पर थाना बीसलपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अग्रवाल धर्मशाला के पास से आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस गिरफ्तारी में निरीक्षक विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल मुनेश कुमार, कांस्टेबल सन्नी कुमार और कांस्टेबल रवि कुमार की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *