
पीलीभीत। विकासखंड बिलसंडा के ग्राम बरखेड़ा तल्लुक पसगवां में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान, सचिव तथा उनके एक कथित निजी बिचौलिए ने पात्र लोगों का नाम सूची में शामिल कराने के नाम पर बड़े पैमाने पर धन उगाही की।
मामला उस समय सुर्खियों में आया जब गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची का सत्यापन शुरू हुआ। सत्यापन के दौरान कई ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए दावा किया कि उनसे योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रुपये लिए गए थे।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि अंतिम सूची में ऐसे लोगों के नाम शामिल कर दिए गए हैं, जिनके पास पहले से पक्के मकान, ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं, जबकि वास्तविक जरूरतमंद परिवार योजना के लाभ से वंचित रह गए।ग्रामीणों ने इस पूरे प्रकरण से जुड़े कथित ऑडियो और वीडियो भी सार्वजनिक किए हैं तथा जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके।अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जांच में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है, तो यह मामला प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करेगा।






