
संवाददाता मंजीत शर्मा
पीलीभीत/ललौलीखेड़ा। जनपद के ललौलीखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बरहा में 15 साल से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर युवक का विरोध प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गया। सड़क न बनने से आक्रोशित युवक राजकुमार भोजवाल शनिवार को गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
राजकुमार भोजवाल ने आरोप है कि गांव की सड़क पिछले 15 सालों से जर्जर हालत में है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। बरसात में कीचड़ और गड्ढों के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। इसी आक्रोश में आकर युवक पानी टंकी पर चढ़ गया और सड़क निर्माण की मांग करने लगा।घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह, पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने करीब 1 घंटे तक युवक को समझाया।
एसडीएम श्रद्धा सिंह ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर सड़क का टेंडर पूरा करा दिया जाएगा और 20 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।प्रशासनिक आश्वासन के बाद राजकुमार भोजवाल टंकी से नीचे उतरा।
विकास कार्यों की रफ्तार पर उठे सवाल
इस घटना के बाद गांव में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर सड़क बन जाती तो किसी को जान जोखिम में डालकर विरोध न करना पड़ता,हालांकि एसडीएम ने पूरा आश्वासन दिया है कि 20 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।








