July 11, 2026
WhatsApp Image 2026-07-10 at 9.43.08 PM

रिपोर्ट= केशन‌ कुमार ब्यूरो चीफ उन्नाव

उन्नाव। जनपद के विकास खण्ड फतेहपुर 84 के अंतर्गत स्थित दबौली बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जिलाधिकारी धनश्याम मीणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह एवं अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार के साथ स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, स्वच्छ पेयजल, खाद्यान्न, दवाइयों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए और राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार गश्त करने, राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का पूरा सहयोग देने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। लोगों से अपील की गई कि वे सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से जलमग्न क्षेत्रों में न जाएं, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को सूचना दें।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सफीपुर शिवेंद्र वर्मा, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सफीपुर दीपक यादव सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *