
बीसलपुर (पीलीभीत)। नगर के आरबीएल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी पीलीभीत श्री ज्ञानेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और जीवन में भौतिक सफलता के संतुलन पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री हनुमान नाथ, गौ रक्षा पीठ गोरखपुर द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन से हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में श्री रवि शरण सिंह चौहान (प्रधानाचार्य, जय नारायण इंटर कॉलेज बरेली), श्री ओमप्रकाश जी (विभाग संचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), श्री भद्र पाल गंगवार (सहविभाग कार्यवाह), श्री अशोक तेनुआ (जिला प्रचारक) सहित शशि सौरभ, मनोज गुप्ता, नितिन पाठक, मुकेश गुप्ता, मयंक गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वार्षिकोत्सव में विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गीत एवं शिक्षा विषयक एकांकी प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
विद्यालय प्रबंधक श्री अंकुर गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बीते वर्षों की उपलब्धियों और आगामी शैक्षणिक विजन की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिकाओं संजना जौहरी, अवनी गुप्ता, वर्षा भारद्वाज एवं शिक्षक रजत कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र शुक्ला एवं परमजीत कौर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। वार्षिकोत्सव ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को नई उड़ान देने का कार्य किया।






