March 26, 2026
WhatsApp Image 2026-03-25 at 8.52.59 PM

संवाददाता

पीलीभीत। थाना जहानाबाद पुलिस ने मोटरसाइकिल लूट की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए 25-25 हजार रुपये के इनामी समेत तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और चाकू भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को ग्राम गोनरी बड़ी निवासी पुष्पेंद्र कुमार की मोटरसाइकिल लूट ली गई थी। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया था। वहीं 22 फरवरी 2026 को एक अन्य घटना में ग्राम कुंवरखेड़ा निवासी रवि कुमार की बाइक भी लूट ली गई थी। दोनों मामलों में थाना जहानाबाद में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 24 व 25 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए ग्राम शाही रेलवे फाटक के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विष्णु पुत्र मंगली राम (इनामी 25,000 रुपये), बड़े उर्फ डोरीलाल (इनामी 25,000 रुपये) तथा सुरेंद्र पुत्र भगवान दास शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान स्थानों पर अकेले जा रहे लोगों को निशाना बनाते थे। पहले उनकी रेकी करते और फिर बाइक से पीछा कर उचित स्थान पर रोककर अवैध हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। लूटी गई मोटरसाइकिलों के पार्ट्स अलग-अलग कर देते थे या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे 315 बोर, जिंदा कारतूस तथा एक नाजायज चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *