
विशेष संवाददाता रोहित मिश्रा
बीसलपुर (पीलीभीत)। बीसलपुर कुर्मी महासभा के तत्वावधान में शनिवार को जोगीठेर स्थित छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज में भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।मुख्य अतिथि और कुर्मी महासभा पीलीभीत के संरक्षक डॉ. रत्नेश गंगवार ने सावित्रीबाई फुले के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महापुरुषों का व्यक्तित्व और कृतित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत होता है। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा में सावित्रीबाई फुले के योगदान को ऐतिहासिक बताया।विशिष्ट अतिथि भारतीय कुर्मी महासभा के प्रदेश सचिव महेश पटेल ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज में वैज्ञानिक सोच विकसित की जा सकती है। उन्होंने सभी से अंधविश्वासों और रूढ़िवादिता से मुक्त होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जंगबहादुर पटेल ने की तथा संचालन प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार और छत्रपाल पटेल ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर शिवकुमार पटेल, प्रेम सागर पटेल, बलराम गंगवार, चिरंजीव गौर, राजेश पटेल, कृष्णपाल सिंह पटेल, राजेंद्र सिंह गंगवार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




