
विशेष संवाददाता: महेश सिंह
प्रयागराज: कौंधियारा थाना क्षेत्र के देवरा डांडी गांव में मंगलवार शाम मामूली कहासुनी एक बड़े हादसे में बदल गई, जब दबंगों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली लगने से घायल युवक की पहचान धर्मराज आदिवासी (30 वर्ष) पुत्र रिबई आदिवासी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे धर्मराज का गांव के ही कुछ लोगों से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने आक्रोश में आकर धर्मराज को निशाना बनाते हुए उसकी पीठ पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा और तड़पने लगा।
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और परिजनों को सूचना दी गई। परिजन तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौंधियारा ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली युवक की पीठ में लगी है, जिससे उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
इस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान विशाल सिंह और अतुल सिंह, दोनों पुत्र मुन्ना सिंह के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
घायल धर्मराज आदिवासी चार भाइयों में से एक है और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मामले को लेकर थाना प्रभारी कौंधियारा कुलदीप शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना के पीछे मामूली कहासुनी ही मुख्य कारण प्रतीत हो रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






