
एजेंसी वी०बी०न्यूज़
लखनऊ। उन्नाव के बांगरमऊ नगर के ब्लॉक रोड स्थित शांति मील मैदान के पास सोमवार रात एक अज्ञात महिला का शव नाले में मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस अब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। यह खबर नगर में फैलते ही देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। बताया जा रहा है कि शव लगभग चार दिन पुराना था, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। राहगीरों ने दुर्गंध आने के बाद नाले में शव पड़ा देखा और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। शव को नाले से बाहर निकालने के लिए पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे काफी देर तक शव को बाहर निकालने में हो रही देरी को देखते हुए चौकी प्रभारी न्यूटन सिंह ने अपने कपड़े उतारे और अकेले ही नाले में उतर गए। उन्होंने अकेले ही शव को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग तमाशबीन बने खड़े रहे, यहां तक कि मौके पर मौजूद दर्जनों पुलिसकर्मी भी सिर्फ देखते रहे। दरोगा न्यूटन सिंह की इस कार्यशैली की लोगों ने जमकर प्रशंसा की।







