February 16, 2026
rights-of-an-arrested-person-in-india

लखनऊ: एएनटीएफ गोरखपुर टीम ने लखनऊ से ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 1 किलो 110 ग्राम हेरोइन बरामद की। ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 22 लाख रुपए है। इसके अलावा एक वैगनार कार, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई है। बीते दो साल से सक्रिय तस्कर महंगी गाड़ियों से आता-जाता था।

एएनटीएफ गोरखपुर की टीम ने चिनहट क्षेत्र में कामता स्थित गैलेक्सी फ्लैट के सामने सर्विस रोड से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. वकील (36) पुत्र मो. शकील निवासी टिकरा मुर्तजा, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है।

एएनटीएफ के अनुसार आरोपी के कब्जे से 1.110 किलोग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 22 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक वैगनार कार, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5,080 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर चिनहट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

 पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन अपने गांव टिकरा मुर्तजा से लेकर आया था। उसकी मुलाकात पोलिटेक्निक चौराहे पर एक व्यक्ति से होनी थी, जिसके साथ वह वाराणसी के डीपी टोल प्लाजा के पास किसी अन्य व्यक्ति को यह खेप देने जा रहा था। इसी दौरान एएनटीएफ टीम ने उसे रास्ते में ही दबोच लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेरोइन की आपूर्ति कहां से हो रही थी। बताया जा रहा है कि नेपाल से आए हीरोइन को लेकर यूपी के बॉर्डर में एंट्री किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *