
संवाददाता रोहित मिश्रा
पीलीभीत/अमरिया। नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का थाना अमरिया पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2 लाख नकद और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 16 सितंबर 2025 को वादी श्री राजकुमार पुत्र श्री भवानी प्रसाद निवासी ग्राम भुड़ा, थाना अमरिया, जनपद पीलीभीत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि कुछ लोग नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर उनसे धनराशि ठग रहे हैं। मामले में धारा 406, 420, 468, 471 भादवि सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना अमरिया पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे बेरोजगार युवाओं को सरकारी व निजी नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। फर्जी जॉइनिंग लेटर, आईडी कार्ड व सेवा पुस्तिका तैयार कर भरोसा जीतते थे। कुछ मामलों में कुछ महीनों तक नौकरी जैसा माहौल भी बनाते और खातों में पैसे ट्रांसफर कर विश्वास जमाते थे, बाद में संपर्क तोड़ लेते थे।
इस गिरोह में अन्य सहयोगियों के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. कमलेश कुमार पुत्र रामेश्वर
2. मो. मोहसिन पुत्र मो. हसनैन
3. शोएब पुत्र महबूब हसन
4. राम यादव पुत्र रघुवीर यादव
बरामदगी
₹2,00,000 नकद
4 मोबाइल फोन
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को धनराशि न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




