
ब्यूरो रिपोर्ट:नवल शर्मा पीलीभीत।जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम भानपुर में 30 वर्षीय पिंकी ने पति से विवाद और गृहक्लेश के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद दो मासूम बेटियां—7 साल की ज्योति और 1 साल की रिद्धि—मां की गोद से वंचित हो गईं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संग्रह कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका पिंकी कुशल पटेल की पत्नी थीं। 2017 में बरेली के मलहपुर गांव के कुशल से उनकी शादी हुई थी। कुशल गांव में परचून की दुकान चलाते हैं। शादी के शुरुआती साल सामान्य रहे, लेकिन हाल के समय में पति के कथित अफेयर के कारण घर में तनाव बढ़ गया। पिंकी इसका पुरजोर विरोध करतीं, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुकी थीं।
घटना वाले दिन घर के अन्य सदस्य बाहर थे। कुशल की मां जब दुकान से लौटीं, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों की मदद से खपरैल हटाकर अंदर दाखिल हुए। वहां पिंकी का शव कमरे में कुंडे से लटका मिला। परिजनों ने शव उतारा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
सूचना पर सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल और प्रभारी निरीक्षक पी.के. बिश्नोई भारी फोर्स के साथ पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतका के मायके वाले भी आ गए हैं। फिलहाल मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली, लेकिन पुलिस हर कोण से जांच कर रही है। मासूम बेटियों की मां को पुकारते चित्कार से ग्रामीणों की आंखें नम हो रही हैं।




