
ब्यूरो रिपोर्ट लखनऊ
लखनऊ। हरदोई क्षेत्र में त्योहार केवल कैलेंडर की तारीखें नहीं होते बल्कि हमारे समाज के आपसी जुड़ाव और साझा संस्कृति का उत्सव होते हैं। इसी भावना को साकार करने के लिए मंगलवार को पिहानी कोतवाली परिसर में एक भव्य शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। आगामी महाशिवरात्रि, होली और रमजान के पवित्र अवसरों को देखते हुए पुलिस प्रशासन और नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने एक स्वर में शांति और भाईचारे का संदेश दिया। “सुरक्षा आपकी, सहयोग हमारा” प्रशासन की भावुक और सख्त अपील बैठक की अध्यक्षता करते हुए कोतवाली प्रभारी छोटेलाल ने बड़ी ही आत्मीयता से कहा कि पुलिस जनता की मित्र है और त्योहारों की असली खुशी तभी है जब हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने अपील की कि ग्राम प्रधान और नागरिक अपने क्षेत्रों की छोटी-बड़ी हर हलचल से पुलिस को अवगत कराएं, ताकि किसी भी गलतफहमी को विवाद बनने से पहले सुलझाया जा सके। वहीँ, इंस्पेक्टर छोटे लाल ने कड़े लेकिन स्पष्ट शब्दों में ‘सुरक्षा कवच’ का भरोसा दिलाते हुए कहा “त्योहार खुशियां बांटने के लिए हैं अशांति फैलाने के लिए नहीं। जो लोग नई परंपराओं के नाम पर खलल डालेंगे या अफवाहों का सहारा लेंगे, उनके खिलाफ कानून का हाथ सख्त होगा। लेकिन जो शांति का मार्ग चुनेंगे, पुलिस उनके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ी रहेगी। सद्भाव का गुलदस्ता: एक जाजम पर मंदिर के पुजारी और मस्जिद के इमाम बैठक का सबसे खूबसूरत दृश्य वह था जब गायत्री प्रज्ञा पीठ के प्रतिनिधियों और मस्जिदों के इमामों ने एक साथ बैठकर शहर की खुशहाली की कामना की। शिया धर्मगुरु मौलाना फरमान अली, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता और विभिन्न ग्राम प्रधानों ने विश्वास दिलाया कि पिहानी की गंगा-जमुनी तहजीब पर आंच नहीं आने दी जाएगी सतर्कता: पंचायत चुनाव के मद्देनजर किसी भी षड्यंत्र या आपसी रंजिश से दूर रहने की सलाह। अनुशासन नई परंपरा डालने या माहौल बिगाड़ने वालों पर रहेगी पैनी नजर सभी समुदायों ने हाथ उठाकर एक-दूसरे के त्योहारों में सहयोग करने का वादा किया। इस अवसर पर पूर्व सभासद राजीव गुप्ता, अरुण गुप्ता, राजू मिश्रा, दुर्गेश पांडे, मौलाना मसनुदुद्दीन, कारी आबिद, हबीब, हाफिज तौहिद, विमलेश तिवारी, अखिलेश बाजपेई सहित नरधिरा और चटिया बुजुर्ग के प्रधान व अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पिहानी पुलिस की इस पहल ने न केवल कानून का इकबाल बुलंद किया है, बल्कि जनता के मन में यह विश्वास भी जगाया है कि इस बार की होली और शिवरात्रि खुशियों के रंगों से सराबोर होगी।








