
ब्यूरो रिपोर्ट: पीलीभीत।घुंघचिहाई थाना क्षेत्र के सिमराया तालुके के घुंघचिहाई गांव में सोमवार दोपहर एक किसान पर बाघ ने खौफनाक हमला कर दिया। टूटापुल नहर की पटरी पर बाघ प्रेमराज को खींच ले जा रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और शोरगुल से उसकी जान बचाई। गंभीर रूप से जख्मी प्रेमराज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गेहूं के खेत में चर रही बकरियों के पास छिपा था बाघ
45 वर्षीय प्रेमराज पुत्र रामदयाल दोपहर करीब 1:30 बजे अपने खेत में गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे थे और बकरियां चरा रहे थे। गन्ने के खेतों व झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक झपट्टा मारा और उन्हें दबोच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाघ प्रेमराज को नहर की पटरी की ओर घसीट रहा था। घायल किसान ने चीख-पुकार मचाई।
ग्रामीणों का साहस, दर्जनों लोग दौड़े
चीखें सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े। दर्जनों लोगों के शोर और हमले से बाघ घबरा गया और प्रेमराज को लहूलुहान छोड़कर गन्ने के खेतों में भाग निकला। हमले में किसान के शरीर, गर्दन व अंगों पर गहरे जख्म हो गए।
वन विभाग और पुलिस अलर्ट, इलाके में दहशत
घटना की सूचना पुलिस व वन विभाग को दी गई। परिजनों ने घायल को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। वन टीम ने मौके का मुआयना किया और ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा। इलाके में दहशत का माहौल!




