
ब्यूरो रिपोर्ट: पीलीभीत, 2 फरवरी।सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पीलीभीत पुलिस ने चार शातिरों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 2 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन व फर्जी जॉइनिंग लेटर सहित दस्तावेज बरामद हुए। मामला अमरिया थाना क्षेत्र का है।
अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से बेरोजगार युवाओं को फंसाता था। आरोपी खुद को बड़े सरकारी अधिकारी बनाकर फोन पर बात करते, फर्जी जॉइनिंग लेटर, आईडी कार्ड व सेवा पुस्तिका देते। यहां तक कि कुछ महीनों तक ‘वेतन’ बैंक खाते में भेजकर नौकरी को असली साबित करते, ताकि पीड़ित अन्य युवाओं को भी जाल में फंसाएं।
मुखबिर की सूचना पर अमरिया पुलिस ने घेराबंदी कर पीलीभीत के कमलेश कुमार, मोहल्ला भूरे खां के मो. मोहसिन व शोएब तथा गोरखपुर के रामा यादव को दबोच लिया। मुख्य आरोपी मोहसिन के घर से ठगी की 2 लाख रुपये नकद बरामद हुए। यह खुलासा ग्राम भूड़ा के राजकुमार की शिकायत पर हुआ, जिनसे नौकरी के नाम पर मोटी रकम वसूली गई।
विवेचना में गिरोह के तार गुजरात, कोलकाता व लखनऊ से जुड़े पाए गए। फरार आरोपी शिव शंकर मिश्रा (गुजरात), पंकज जायसवाल (लखीमपुर) व सरोज मौर्य (लखनऊ) फर्जी दस्तावेज बनाते थे। पुलिस टीमें इनकी तलाश में दबिशें दे रही हैं। गिरफ्तार चारों को जेल भेज दिया गया है, जबकि उनके बैंक खातों व संपत्तियों की जांच जारी है




