
ब्यूरो रिपोर्ट:पीलीभीत
पीलीभीत,सदर कोतवाली क्षेत्र में एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री से सरेआम छेड़छाड़,और सरकारी अभिलेख फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है।
पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़िता को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तीन साथियों ने रास्ता रोका घटना 7 नवंबर 2025 की सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता, जो सदर कोतवाली क्षेत्र की निवासी है और एक आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकत्री के पद पर तैनात है,घर से ड्यूटी पर जा रही थी। इसी दौरान एक सुनसान गली में मोहल्ला नखाशा निवासी धर्मेंद्र कुमार और उसके तीन अज्ञात साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया।
गले से मंगलसूत्र छीना आरोप है कि आरोपियों ने महिला पर अश्लील टिप्पणियां कीं और उसके साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया गया तथा उसके हाथ में मौजूद सरकारी अभिलेख – रजिस्टर व अन्य दस्तावेज – फाड़ दिए गए।
जब पीड़िता ने शोर मचाया, तो आरोपी धर्मेंद्र ने अवैध तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।आसपास के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी धमकाते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे मजबूर होकर उसे न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आरोपी धर्मेंद्र कुमार और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से विवेचना की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।




